राजनीति / 2024-06-29 12:33:07

क्या नीतीश कुमार का फैसला फिर चौंकाने वाला हो सकता है? राजनीतिक हलचल तेज, बेहतर संभावनाओं की तलाश जारी! (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)

पटना….जनता दल (यूनाइटेड) यानी जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सूबे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मन: स्थिति का सहसा अंदाजा लगाना संभव नहीं लेकिन अब 29 जून को राजधानी दिल्ली में जद(यू).राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों की भी बैठक होगी। इस बैठक को लेकर अब बिहार से दिल्ली तक सियासी हलचल तेज है। ऐसी चर्चा है कि नीतीश कुमार अपने किसी करीबी को जद(यू.) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप सकते हैं। जहां इस बैठक में राज्य व केंद्र सरकार में दल के तमाम मंत्री, लोकसभा व राज्यसभा के सभी सांसद, सभी प्रदेशों के जद(यू.) अध्यक्ष जद(यू) राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद रहेंगे। वहीं, कयास लगाये जा रहे हैं कि इस दौरान कई नेताओं को संगठन में प्रभार दिया जायेगा। कुछ सदस्यों की छुट्टी भी हो सकती है।इनमें झंझारपुर के पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल एवं बिहार विधान पार्षद वीरेंद्र यादव की चर्चा है। इन पर दल के प्रति विद्रोही तेवर व निष्क्रिय रहने का आरोप है।राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में 29 जून को होने वाली जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के पूर्व अब उसी दिन दल के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की भी बैठक होगी। जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। जहां जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पूर्वाह्न 11.30 बजे से होनी है। वहीं, 10.30 बजे से राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। इन बैठकों में शामिल होने के लिये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 3 दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंच चुके हैं। 28 जून की सुबह नीतीश कुमार सेवा विमान से दिल्ली रवाना हुये थे। जहां दिल्ली में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह व रामनाथ ठाकुर सहित जद(यू.) नेताओं से अपने आवास पर बातचीत की। वैसे भी, जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर दिल्ली में जद(यू.) नेताओं का जमावड़ा है। दिल्ली में हो रही जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को दल के लोगों द्वारा रुटीन प्रक्रिया बताया जा रहा है, पर पिछले दो-तीन बार से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सहमति से कुछ नया होता रहा है। एक बार जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने आर.सी.पी. सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया। दूसरी बार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी तो तीसरी बार ललन सिंह की जगह नीतीश कुमार को ही दल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंप दी। यह चर्चा है कि नीतीश कुमार अपने किसी करीबी को जद(यू.) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप सकते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हाल ही में संपन्न हुये 18वीं लोकसभा आम चुनाव की भी समीक्षा होनी है। जद(यू.) की बिहार प्रदेश इकाई ने चुनाव संपन्न होने के बाद इसका अध्ययन कराया था इस बैठक में इन 4 सीटों पर हार को लेकर भी जद(यू.) मंथन करने जा रही है। इस बैठक में बिहार के लिये विशेष राज्य के दर्जे या विशेष पैकेज की मांग को लेकर भी प्रस्ताव लाये जाने की बात भी कही जा रही है। बिहार विधानसभा आम चुनाव को लेकर भी जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में चर्चा होनी है। जद(यू.) के सांसदों को भी इस बाबत टास्क दिया जायेगा।जद(यू)बैठक में इस विषय पर भी चर्चा होगी कि केंद्र की नमो सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल दल के मंत्री किस प्राथमिकता के तहत अपना काम करेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता करने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबोधन के साथ ही जद(यू.) राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक समाप्त हो जायेगी।इस बैठक को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह व रामनाथ ठाकुर आदि भी संबोधित करेंगे ।

Latest News

Tranding

© NetworldIndia. All Rights Reserved. Designed by Networld